रोहित कुमार 'हैप्पी'
रोहित कुमार 'हैप्पी' न्यूज़ीलैंड में न्यू मीडिया के माध्यम से हरियाणवी भाषा, लेखन व साहित्य के प्रचार-प्रसार हेतु प्रयासरत हैं। रोहित मैस्सी यूनिवर्सिटी, न्यूज़ीलैंड से पत्रकारिता में प्रशिक्षित हैं व इसके अतिरिक्त उन्होंने न्यूज़ीलैंड में इंवेस्टिगेटिव सर्विसिस, ग्राफिक्स व वेब डिवेलपमैंट में भी प्रशिक्षण लिया।
आप मूलत: कैथल (हरियाणा) से सम्बंध रखते हैं और आप कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर हैं। हरियाणवी हिंदी लघु-कथा की शुरुआत आपने 1986-87 में की थी जब आपकी हरियाणवी लघु-कथा, 'सफर' दैनिक ट्रिब्यून' में प्रकाशित हुई थी। आप हरियाणवी कविता, ग़ज़ल, और लघु-कथा विधाओं में सृजन करते हैं।
रोहित न्यूज़ीलैंड से प्रकाशित इंटरनेट पर विश्व की पहली हिंदी पत्रिका, 'भारत-दर्शन' का संपादन व प्रकाशन करते हैं व निरंतर हिंदी-कर्म में अग्रसर हैं। यह पत्रिका 1996 से इंटरनेट पर प्रकाशित हो रही है। वर्तमान में रोहित कुमार 'हैप्पी' 'हरियाणवी' को विश्वमंच पर स्थापित करने के लिए अग्रसर हैं। 'म्हारा-हरियाणा' अपनी मातृ-भूमि के लिए कुछ करने का एक सृजनात्मक प्रयास है।